एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरा, सेंसेक्स 241 अंक फिसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को गिरावट रही। निवेशकों के नए जोखिम से परहेज करने के कारण सेंसेक्स 241 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 23,500 के स्तर से नीचे आ गया।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरा, सेंसेक्स 241 अंक फिसला

मुंबई, 10 जनवरी वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को गिरावट रही। निवेशकों के नए जोखिम से परहेज करने के कारण सेंसेक्स 241 अंक गिर गया जबकि निफ्टी 23,500 के स्तर से नीचे आ गया।

विश्लेषकों के मुताबिक, आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताएं बढ़ने और कंपनियों के तिमाही नतीजे सुस्त रहने के कारण कारोबारी धारणा कमजोर रही। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर सूचकांक की मजबूती के अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी ने भी इसमें योगदान दिया।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 241.30 अंक यानी 0.31 प्रतिशत गिरकर 77,378.91 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 77,919.70 के ऊपरी और 77,099.55 के निचले स्तर तक भी गया। इस तरह दिन में 820.15 अंकों का उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

बीएसई पर कुल 3,167 शेयरों में गिरावट रही जबकि 827 शेयर चढ़े और 84 अन्य में कोई बदलाव नहीं हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 95 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 23,431.50 पर आ गया। इस तरह निफ्टी 23,500 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बंद हुआ।

इसके साथ ही कारोबारी सप्ताह का समापन गिरावट के साथ हुआ। इस कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स में कुल 1,844.2 अंक यानी 2.32 प्रतिशत जबकि निफ्टी में 573.25 अंक यानी 2.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ, आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयरों में करीब छह प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 11.95 प्रतिशत बढ़कर 12,380 करोड़ रुपये हो जाने के नतीजों ने टीसीएस के शेयरों में खरीदारी को बढ़ावा दिया।

इसके अलावा टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और डॉलर सूचकांक में मजबूती के कारण घरेलू बाजार की धारणा सुस्त रही। शुरुआती सकारात्मक नतीजों से आईटी क्षेत्र की मजबूती के संकेत दिखने के बावजूद ट्रंप की नीतियों और घरेलू बाजार के उच्च मूल्यांकन को लेकर अनिश्चितता होने से सूचकांकों में गिरावट आई।"

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.02 प्रतिशत उछलकर 78.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इस बीच भारतीय बाजारों से विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी का सिलसिला जारी है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने बृहस्पतिवार को 7,170.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "डॉलर की मजबूती के बीच रुपये के नए निचले स्तर पर आने के साथ बाजारों में गिरावट का रुख बरकरार रहा। आर्थिक वृद्धि नरम रहने और कंपनियों के तिमाही नतीजे उम्मीद से कम रहने को लेकर आशंकाएं पैदा होने से निवेशकों ने बैंकों और मझोली एवं छोटी कंपनियों से अपने हाथ पीछे खींच लिए।"

छोटी कंपनियों के बीएसई स्मालकैप सूचकांक में 2.40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि मझोली कंपनियों के बीएसई मिडकैप सूचकांक में 2.13 प्रतिशत की गिरावट रही।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बंद रहे थे।

बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 528.28 अंक गिरकर 77,620.21 और एनएसई निफ्टी 162.45 अंक कमजोर होकर 23,526.50 पर बंद हुआ था।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 10, 2025 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).