देश की खबरें | मणिपुर में फंसे असमवासियों की मदद के लिए राज्य पुलिस की टीम पहुंची : डीजीपी

गुवाहाटी, आठ मई असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी. पी. सिंह ने सोमवार को बताया कि राज्य के नागरिकों को मदद उपलब्ध कराने अथवा वहां से निकलने में उनकी सहायता करने के लिए पुलिस की एक टीम हिंसा-प्रभावित मणिपुर राज्य में पहुंच गयी है।

सिंह ने बताया कि मणिपुर में रह रहे असम के ज्यादातर लोग वहां से लौटने के इच्छुक नहीं हैं, लेकिन राज्य सरकार वहां फंसे लोगों तक पहुंच बनाने और आवश्यकतानुसार उनकी मदद के हरसंभव प्रयास कर रही है।

डीजीपी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कुछ लोग वापस आ रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोग लौटना नहीं चाहते। हम उन्हें मदद कर रहे हैं जो (अपने गृह राज्य) लौटना चाहते हैं।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) स्तर के एक अधिकारी के नेतृत्व में चार-सदस्यीय एक पुलिस टीम पहले ही मणिपुर पहुंच चुकी है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘टीम वैसे लोगों को हवाई अड्डा पहुंचने में मदद कर रही है, जो (असम) वापस आना चाहते हैं। कुछ लोग पहले ही पहुंच चुके हैं, जबकि कुछ आज की उड़ान से आ रहे हैं।’’

डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मणिपुर में पिछले सप्ताह हिंसा भड़कने के तत्काल बाद वहां फंसे असम के लोगों से संपर्क स्थापित करने तथा हरसंभव सहयोग देने का उन लोगों को निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर चालू कर दिये गये हैं और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)