देश की खबरें | महाराष्ट्र पर न्यायालय के फैसले के एक दिन बाद राहुल गांधी से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले

नयी दिल्ली, 12 मई महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी से मुलाकात की और समझा जाता है कि उन्होंने पिछले साल के राजनीतिक संकट पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के मद्देनजर राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।

पिछले साल शिवसेना विधायकों के एक गुट के पाला बदलने के कारण राज्य की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी।

पांच-न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से कहा कि वह उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन एमवीए सरकार को बहाल नहीं कर सकती क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री ने पिछले साल जून में विश्वास मत का सामना किए बिना इस्तीफा दे दिया था।

सूत्रों ने कहा कि पटोले ने गांधी को उच्चतम न्यायालय के फैसले के राजनीतिक नतीजों और महाराष्ट्र में पार्टी को और मजबूत करने के उपायों से भी अवगत कराया।

कांग्रेस का उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ गठबंधन है। राज्य में 2024 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सूत्रों ने कहा कि गांधी जल्द ही महाराष्ट्र का दौरा कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)