कारागारों में महिला वार्डों और सुधार गृहों पर विशेष ध्यान दे राज्य प्रशासन: महिला आयोग
जमात

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल राष्ट्रीय महिला आयोग ने बुधवार को राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को पत्र लिखकर कहा कि वे कोरोना महामारी के मद्देनजर अपने यहां के कारागारों के महिला वार्डों और सुधार गृहों पर विशेष ध्यान दें।

महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इस पत्र में कहा कि आयोग पहले भी महिला कैदियों और सुधार गृहों की दयनीय हालत के बारे में प्रशासनों को अवगत कराता रहा है। लेकिन कोरोना महामारी के बाद स्थिति और खराब होने की आशंका है।

उनके मुताबिक अगर जेल प्रशासन ने विशेष ध्यान नहीं दिया तो महिला कैदियों की जान को भी खतरा पैदा हो सकता है।

रेखा शर्मा ने कहा कि महिला कैदियों के सोने और दूसरी सुविधाओं को लेकर ऐसी व्यवस्था की जाए कि सामाजिक दूरी के नियमों का पालन सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि बहुत सारी महिला कैदी लंबे समय से जेलों बंद हैं, ऐसे में उन्हें जमानत दिलाने के लिए भी त्वरित कदम उठाए जाने चाहिए।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने यह अनुशंसा भी की है कि महिला कैदियों को हर जरूरी स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इनके बीच कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं फैले।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)