जरुरी जानकारी | स्टार निशान वाले नोट पूरी तरह वैध : रिजर्व बैंक

मुंबई, 27 जुलाई भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ‘स्टार’ निशान वाले नोट की वैधता को लेकर जताई जा रही तमाम आशंकाएं खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ये नोट किसी भी दूसरे वैध नोट के ही समान हैं।

आरबीआई ने बयान में कहा कि गलत छपाई वाले नोट की जगह जारी किए जाने वाले नोट पर अंकित संख्या वाले पैनल में स्टार का निशान जोड़ा गया है। सीरियल नंबर वाले नोटों की गड्डी में गलत ढंग से छपे नोट के बदले स्टार निशान वाले नोट जारी किए जाते हैं।

केंद्रीय बैंक ने यह स्पष्टीकरण नोटों के नंबर पैनल में स्टार निशान होने पर उनकी वैधता को लेकर कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में आशंकाएं जाहिर किए जाने के बाद दिया है।

आरबीआई ने कहा, ‘स्टार निशान वाला बैंक नोट किसी भी दूसरे वैध नोट की ही तरह है। उसका स्टार निशान बस यह दर्शाता है कि उसे बदले गए या दोबारा प्रिंट किए गए नोट की जगह जारी किया गया है।’’

स्टार का यह निशान नोट के नंबर और उसके पहले दर्ज होने वाले अक्षरों के बीच में लगाया जाता है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)