देश की खबरें | स्टालिन ने रक्षा मंत्री से अधिक से अधिक संख्या में हेलीकॉप्टर तैनात करने का आग्रह किया

चेन्नई, 19 दिसंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने राज्य में आपदा की भयावहता के मद्देनजर केंद्र से अधिक से अधिक संख्या में हेलीकॉप्टर तत्काल तैनात करने का मंगलवार को आग्रह किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखे पत्र में स्टालिन ने कहा कि फिलहाल वायु सेना के चार हेलीकॉप्टर, नौसेना और तटरक्षक के दो-दो हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल फंसे हुए लोगों को निकालने और खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

राज्य सरकार ने बचाव और राहत अभियान के लिए अधिकारियों, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों को तैनात किया है।

पूरे तमिलनाडु से राहत सामग्री जुटाई जा रही है लेकिन संपर्क सड़कों के जलमग्न हो जाने के कारण ये सामग्रियां लोगों को वितरित नहीं की जा सकी हैं। उन तक सिर्फ हेलीकॉप्टर के जरिए ही पहुंचा जा सकता है।

थामिराबरानी नदी और आसपास के इलाकों में आई भीषण बाढ़ के कारण श्रीवैकुंटम और तूत्तुक्कुडि शहरों में स्थिति 'बेहद गंभीर' है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “ आपदा की भयावहता और बड़ी संख्या में बस्तियों के प्रभावित होने के मद्देनज़र, हमें बचाव और राहत सामग्रियों के वितरण के लिए अधिक हेलीकॉप्टर की जरूरत है। इसलिए, मैं अधिक से अधिक संख्या में हेलीकॉप्टर तैनात करने के लिए आपके तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध करता हूं।”

तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में पिछले दो दिनों में भीषण बारिश हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कुछ स्थानों पर 1871 के बाद से अब तक की सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।”

इसके कारण तिरुनेलवेली और तूत्तुक्कुडि जिलों में रहने वाले तकरीबन 40 लाख लोग बहुत बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)