बेलगावी, आठ जनवरी कर्नाटक में बेलगावी के हिंडाल्गा गांव में श्री राम सेना के जिलाध्यक्ष रविकुमार कोकिटकर को अज्ञात हमलावरों ने पिस्तौल से गोली मार दी जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
संगठन के प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि श्रीराम सेना के कार्यकर्ता हिंदुत्व के लिए खड़े हैं और इस तरह के हमलों से भयभीत नहीं होंगे।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम साढ़े सात बजे के आसपास तब हुई जब कोकिटकर अपने चालक मनोज देसुरकर और दो अन्य के साथ अपनी कार में बेलगावी शहर से हिंडाल्गा जा रहे थे।
अधिकारियों ने कहा कि ‘स्पीड ब्रेकर’ के पास जब कार धीमी हुई, तो मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति वाहन के पास आए और उनमें से एक ने कोकिटकर पर गोली चला दी। उन्होंने कहा कि इसके बाद हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर उनका पीछा कर रहे थे या घटनास्थल पर उनका इंतजार कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि गोली कोकिटकर की ठुड्डी पर लगी और वह घायल हो गए। उन्होंने कहा कि हाथ में गोली लगने से उनका चालक भी घायल हो गया।
पुलिस ने कहा कि दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों खतरे से बाहर हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और बेलगावी ग्रामीण पुलिस इसकी जांच कर रही है।
श्रीराम सेना के प्रमुख मुतालिक ने कहा कि संगठन और उसके कार्यकर्ता हिंदुत्व के लिए खड़े हैं जो ऐसी गोलियों या हथियारों से नहीं डरेंगे।
उन्होंने पुलिस से हमलावरों को पकड़ने और उन्हें दंडित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होंगे क्योंकि घटना हिंडाल्गा जेल के पास हुई।
हाल में, मुतालिक ने कहा था कि वह कर्नाटक में चुनावी अखाड़े में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं ताकि भाजपा को ‘सही’ किया जा सके, जिसने अपने हिंदुत्व एजेंडे को दरकिनार कर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY