विदेश की खबरें | श्रीलंका ने ईस्टर के दौरान हमलों के संबंध में खुफिया प्रमुख का बचाव किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, नौ सितंबर श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को देश के खुफिया प्रमुख का बचाव किया, जब ब्रिटेन के एक टेलीविजन चैनल ने उन्हें 2019 में ईस्टर रविवार को आत्मघाती बम विस्फोटों का साजिशकर्ता बताया। कई जगहों पर हुए सिलसिलेवार विस्फोटों में 11 भारतीयों सहित 270 लोग मारे गए थे।

पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे द्वारा बम विस्फोटों में खुफिया प्रमुख मेजर जनरल सुरेश सल्लाय की संलिप्तता से इनकार करने और नवंबर 2019 में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए हमलों से लाभान्वित होने के इनकार के दो दिन बाद यह बयान आया है।

ब्रिटेन के ‘चैनल 4’ ने मंगलवार को ‘श्रीलंका के ईस्टर बम विस्फोट-डिस्पैच’ नामक एक वृत्तचित्र प्रसारित किया, जिसमें 2019 में ईस्टर पर आत्मघाती बम विस्फोटों को अंजाम देने में कुछ सरकारी अधिकारियों की संलिप्तता और मिलीभगत का आरोप लगाया गया।

वृत्तचित्र में हमलों को राजपक्षे बंधुओं के पक्ष में राजनीतिक परिवर्तन के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से किया गया ‘‘साजिशन कृत्य’’ बताया गया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘रक्षा मंत्रालय एक समर्पित वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के खिलाफ हमले की साजिश रचने और हमलावरों की सहायता करने के आरोप की कड़ी निंदा करता है, जिसने 36 वर्षों तक देश की सेवा की है।’’

मंत्रालय ने कहा कि मेजर जनरल सल्लाय दिसंबर 2016 से दिसंबर 2018 तक मलेशिया में श्रीलंका उच्चायोग में कार्यरत थे। मंत्रालय ने कहा, ‘‘वह तीन जनवरी, 2019 को भारत के लिए रवाना हुए और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज का पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद 30 नवंबर, 2019 को श्रीलंका लौट आए।’’

मंत्रालय ने कहा कि हमलों के बाद से श्रीलंका की सरकार ने लगातार सच्चाई उजागर करने के लिए कार्रवाई की है।

आईएसआईएस से जुड़े स्थानीय इस्लामी चरमपंथी समूह नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) के नौ आत्मघाती हमलावरों ने 21 अप्रैल, 2019 को तीन कैथोलिक चर्च और कई आलीशान होटलों में विस्फोट किया जिसमें 11 भारतीय सहित लगभग 270 लोग मारे गए और 500 से अधिक घायल हो गए।

बुधवार को, श्रम मंत्री मानुषा नानायक्कारा ने संसद को बताया कि कैबिनेट ने ब्रिटेन के चैनल 4 कार्यक्रम द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एक विशेष संसदीय प्रवर समिति (पीएससी) गठित करने का निर्णय लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)