विदेश की खबरें | चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने इसरो को बधाई दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन/मॉस्को, 23 अगस्त अमेरिका और यूरोप की अंतरिक्ष एजेंसियों ने बुधवार को चंद्रमा पर चंद्र मिशन की सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई दी और इसरो की इस उपलब्धि को अंतरिक्ष इतिहास में एक "अतुल्य" क्षण करार दिया।

भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। इससे कुछ दिन पहले रूस का मानवरहित लूना-25 अंतरिक्ष यान अनियंत्रित होकर चंद्रमा पर गिर गया था।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई! चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।”

रूस के सरकारी अंतरिक्ष निगम ‘रोस्कोस्मोस’ ने भी भारत को बधाई दी।

‘रोस्कोस्मोस’ ने एक बयान में कहा, “रोस्कोसमोस चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान की सफल लैंडिंग पर भारत को बधाई देता है।”

यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अतुल्य! इसरो और भारत के सभी लोगों को बधाई!!"

उन्होंने लिखा, “भारत ने नयी तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए किसी अन्य खगोलीय पिंड पर पहली सॉफ्ट लैंडिंग की। शाबाश, मैं पूरी तरह प्रभावित हूं।”

ब्रिटेन की अंतरिक्ष एजेंसी ने ‘एक्स’ पर लिखा, "इतिहास बन गया! इसरो को बधाई।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)