देश की खबरें | सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन 'लोक कल्‍याण दिवस' के रूप में मनाया

लखनऊ, एक जुलाई समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 50वां जन्मदिन शनिवार को 'लोक कल्याण दिवस' के रूप में राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश एवं अन्य राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया ।

जन्मदिन के मद्देनजर सुबह से ही सपा के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने अखिलेश को फूलमालाओं से लाद दिया। राज पुरोहित पंडित हरी प्रसाद ने स्वस्तिवाचन कर आशीर्वाद दिया।

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शुभकामना और बधाई देने वाले सभी लोगों, पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, परिजनों, देश, प्रदेश के सभी नेताओं का आभार प्रकट करते हुए अखिलेश यादव ने स्नेह प्रकट करते हुए सभी को धन्यवाद दिया।

यादव ने अपने जन्मदिन पर कहा, ''हम सभी लोग संकल्प ले रहे है कि जो रास्ता बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर, डॉ0 राम मनोहर लोहिया ने और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने दिखाया है, उस पर चलते हुए समाजवादियों ने समय-समय पर संघर्ष किया है। समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का काम किया है । हमें उन कामों को पूरा करना है जिससे देश में समाजवादी व्यवस्था लागू हो, जिससे गरीब, किसान, नौजवान सभी खुशहाल हो।''

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने संकल्प पत्र पढ़ा जिसको सभी उपस्थित लोगों ने दुहराया और संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेते हुए यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 50वें जन्मदिन पर टमाटर जैसा केक काटा और इसकी बढ़ती कीमतों को रेखांकित करने के लिए लोगों के बीच टमाटर बांटे।

शनिवार को बाराबंकी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन पर केक काटकर कार्यकर्ताओं को खिलाकर सबको धन्यवाद दिया। वह एक कार्यक्रम में शामिल होने यहां आये थे।

अमेठी जिले में, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे धान के खेत में 'एचबीडी अखिलेश जी' की आकृति में धान के पौधे रखे और एक तस्वीर खिंचवाई।

वाराणसी में कार्यक्रम का आयोजन करने वाले एक पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि वे मिठाइयां बांट सकते थे लेकिन "मिठाइयां भी महंगी हो गई हैं"।

सपा कार्यकर्ता अजय फौजी ने पीटीआई- से कहा, "हम हमेशा अपने नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं। लेकिन इस बार महंगाई चरम पर है। हम मिठाइयां बांट सकते थे लेकिन मिठाइयां भी महंगी हो गई हैं। टमाटर की कीमत 120 रुपये किलो है। हमारे गांवों में, हम टमाटर की चटनी के साथ चपाती खाते हैं, लेकिन वह भी हमारी थाली से छीनी जा रही है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)