सपा आज प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ जलाएगी दीप, भाजपा का दावा प्रदेश में कानून का राज
हाथरस में पिछले साल एक दलित युवती से हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म और उपचार के दौरान उसकी मौत को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)को ‘दलितों और महिलाओं पर अत्याचार’ याद दिलाने के लिए प्रदेश भर में दीप जलाने का आह्वान किया है.
लखनऊ, 30 नवंबर : हाथरस में पिछले साल एक दलित युवती से हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म और उपचार के दौरान उसकी मौत को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)को ‘दलितों और महिलाओं पर अत्याचार’ याद दिलाने के लिए प्रदेश भर में दीप जलाने का आह्वान किया है. वहीं, भाजपा ने दावा किया है कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं और कानून का राज है. सपा ने मंगलवार को ट्वीट किया, ''आज, ‘हाथरस की बेटी की स्मृति दिवस’ पर सभी प्रदेशवासियों, सपा और सहयोगी दलों से अपील है कि जिस तरह दुष्कर्म पीड़िता के शव को कुकृत्य करते हुए पेट्रोल डालकर आधी रात को परिवार की अनुपस्थिति में जला दिया गया था, उसके विरोध में दीप जलाकर भाजपा का दलितों, महिलाओं पर अत्याचार याद दिलाएं.''
इससे पहले सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गत बृहस्पतिवार को हर महीने की 30 तारीख को सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता हाथरस की बेटी की स्मृति दिवस मनाकर राज्य की भाजपा सरकार का दलित और महिला विरोधी चेहरा बेनकाब करने का आह्वान किया था. गौरतलब हैं कि हाथरस के एक गांव में पिछले साल 14 सितंबर को 19 साल की युवती से चार लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया था. उसकी हालत बिगड़ने के बाद, उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया, जहां घटना के एक पखवाड़े बाद उसकी मौत हो गयी थी. युवती का 30 सितंबर 2020 को कथित तौर पर पुलिस द्वारा जबरन अंतिम संस्कार किया गया था. परिवार और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने जबरन शव को उठा लिया और आधी रात को उसका अंतिम संस्कार कर दिया. यह भी पढ़ें : महिला सांसदों के साथ सेल्फी पोस्ट करने पर ट्रोल हुए शशि थरूर ने मांगी माफी
वहीं,भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई ने एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, '' प्रदेश में महिलाएं हैं सुरक्षित, कानून का राज है. देखिए इस वीडियो में सारी बात है.'' भाजपा द्वारा ट्विटर पर संलग्न इस वीडियो में एक बुजुर्ग महिला यह कहते सुनी जा सकती हैं कि ‘‘मोदी और योगी ने ऐसा कर दिया कि अब महिलाएं और लड़कियां सब सुरक्षित हैं और गुंडे तड़फड़ा (बेचैन हो) रहे हैं. मोदी-योगी जैसी अच्छी सरकार न कभी आई और न आएगी. महिला ने आरोप लगाया कि सपा की सरकार में माहौल बहुत खराब था.''
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 30, 2021 12:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

