लखनऊ, 29 जनवरी दिल्ली से लगे गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन में नयी स्फूर्ति आने के बाद विपक्षी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने आंदोलन का समर्थन किया तथा विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना की।
प्रदर्शन स्थल खाली करने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा एक अल्टीमेटम दिये जाने बाद गाजीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के प्रदर्शनकारियों की संख्या बृहस्पतिवार रात घट कर करीब 500 रह गई थी। साथ ही, वहां अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी भी तैनात कर दिये गये थे।
हालांकि, रातोंरात भीड़ कई गुना बढ़ गई और दिन में भी इसका बढ़ना जारी रहा क्योंकि बीकेयू नेताओं के आह्वान पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से काफी संख्या में प्रदर्शनकारी आंदोलन में शामिल होने के लिए पहुंच गये।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी किसान आंदोलन को अपनी पार्टी का समर्थन दिया और किसानों को प्रताड़ित करने तथा उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाने को लेकर भाजपा की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सबका पेट भरने वाले किसानों को भाजपा भूखा-प्यासा रखकर व झूठे आरोप लगाकर हराना चाहती है, लेकिन चंद भाजपाइयों को छोड़कर सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी आज भी किसानों के साथ खड़े हैं। सपा किसानों के साथ है!’’
सपा प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘अभी राकेश टिकैत जी (बीकेयू नेता) से बात करके उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। भाजपा सरकार ने किसान नेताओं को जिस तरह आरोपित व प्रताड़ित किया है, वह पूरा देश देख रहा है। आज तो भाजपा के समर्थक भी शर्म से सिर झुकाए और मुँह छिपाए फिर रहे हैं। आज, देश की भावना और सहानुभूति किसानों के साथ है। ’’
उत्तर प्रदेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि सिंघू बॉर्डर पर भाजपा के उत्पातियों ने प्रदर्शनकारी किसानों पर पथराव किया है।
इस स्थान पर, शुक्रवार को प्रदर्शनकारी किसानों और खुद के स्थानीय निवासी होने का दावा कर रहे लोगों के एक बड़े समूह के बीच झड़प हुई।
इस घटना के बाद सपा प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘अभी भाजपाई उत्पातियों ने सिंघू बार्डर पर किसानों के आंदोलन पर पथराव किया है। सारा देश देख रहा है कि भाजपा कुछ पूँजीपतियों के लिए कैसे देश के भोले किसानों पर अत्याचार कर रही है। भाजपा की साज़िश और बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों किसानों पर की जाने वाली निर्दयता घोर निंदनीय है।’’
वहीं, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख अजय कुमार लल्लू किसान आंदोलन के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY