नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य नसीब पठान के निधन पर सोमवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
सोनिया ने एक बयान में कहा, ‘‘पठान कांग्रेस संगठन में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस सहित प्रदेश कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहे। दो बार विधान परिषद सदस्य एवं एक बार विधान परिषद में कांग्रेस के नेता पद पर रहकर उन्होंने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। अपनी वाकपटुता के लिए मशहूर पठान अपने मिलनसार व्यक्तित्व से सभी का मन मोह लेते थे।’’
यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: एलजेपी और JDU में मचे घमासान पर कुमार विश्वास ने ट्वीट कहा, कुछ समझ में आया ?.
उन्होंने कहा, ‘‘पठान ने कांग्रेस संगठन की आजीवन सेवा की है। उनके निधन से कांग्रेस संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी पूर्ति बहुत कठिन है।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य नसीब पठान साहब का कोरोना से निधन हो गया। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।’’
उन्होंने पठान के निधन से पहले रिकॉर्ड किए उनके संदेश वाला एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ‘‘जाते-जाते नसीब साहब ने एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश दिया है। इसे आपके साथ साझा करते हुए उन्हें दिल से श्रद्धांजलि।’’
इस वीडियो में पठान हाथरस मामले की पृष्ठभूमि में अपनी बात रखते सुने जा सकते हैं।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस से संक्रमित पठान का रविवार को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY