जयपुर, 31 जुलाई राजस्थान पुलिस का विशेष कार्यबल (एसओजी) कथित ऑडियो क्लिप मामले में गिरफ्तार किए गए संजय जैन की आवाज के नमूने (वायस सैंपल) लेने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जैन को उनके आवाज के नमूने लेने के लिए शुक्रवार को यहां की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। लेकिन जैन ने नमूना देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि उन्हें एजेंसी की जांच की निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है और एफएसएल की रिपोर्ट में छेड़खानी की जा सकती है।
यह भी पढ़े | दिल्ली: पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 1,195 नए मामले सामने आए, 27 की मौत, कुल संख्या 1,35,598 हुई.
उल्लेखनीय है कि इस तथा कथित ऑडियो टेप में जैन की कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा और गजेंद्र सिंह से बातचीत है। कांग्रेस का आरोप है कि इसमें प्रतीत हो रहा है कि गहलोत सरकार को गिराने के षडयंत्र की जा रही है। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि गजेंद्रसिंह दरअसल केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हैं। हालांकि विधायक और केंद्रीय मंत्री दोनों इस आरोप से इनकार कर चुके हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक (एसओजी) अशोक राठौड़ ने कहा, ‘‘चूंकि आरोपी ने निचली अदालत में आवाज के नमूने देने से असहमति जताई है इसलिए हम आगे कानूनी कदम उठाएंगे और इस मामले में उसके खिलाफ उच्च न्यायालय जाएंगे।’’
इस बीच राठौड़ ने बताया कि एसओजी की एक टीम ने कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा का पता लगाने के लिए मानेसर में डेरा डाला है। उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर टीम अपना काम कर रही है।
इस मामले में जैन को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY