चंपावत, 20 अगस्त उत्तराखंड के चंपावत जिले से लगती नेपाल सीमा से पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से 1.20 करोड़ रुपये कीमत की 605 ग्राम स्मैक बरामद की है और उसे इस बाबत गिरफ्तार कर लिया है । इस साल उत्तराखंड में पकड़ी गयी स्मैक की यह सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र पींचा ने यहां बताया कि शनिवार देर रात ‘स्पेशल आपरेशन ग्रुप’ (एसओजी) और पुलिस की टीम ने नेपाल सीमा से सटे भारतीय गांव गढीगोठ में जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोका और इसी दौरान उसके कब्जे से 605 ग्राम स्मैक बरामद की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत 1.20 करोड़ रुपये है।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के परशुरामपुर के रहने वाले 35 वर्षीय जागेश्वर दयाल के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को रविवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जिन्होंने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के भाई मान सिंह को भी पिछले साल स्मैक तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश की हरदोई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने घर पर ही स्मैक तैयार करते थे।
पुलिस टीम की इस कामयाबी पर पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं ने दस हजार और पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार का ईनाम घोषित किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY