Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र के ठाणे में तीन वाहनों की टक्कर में 6 लोग घायल
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में तीन वाहनों की टक्कर में एक बच्चे समेत छह लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. ठाणे महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह हादसा मुंबई और नासिक को जोड़ने वाले ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर कैडबरी चौराहे के पुल पर शनिवार रात एक बजकर 26 मिनट पर हुआ.
ठाणे, 9 मार्च : महाराष्ट्र के ठाणे शहर में तीन वाहनों की टक्कर में एक बच्चे समेत छह लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. ठाणे महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह हादसा मुंबई और नासिक को जोड़ने वाले ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर कैडबरी चौराहे के पुल पर शनिवार रात एक बजकर 26 मिनट पर हुआ. दुर्घटना के कारण इस मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा.
मुलुंड चेक नाका से काशेली की ओर जा रहे रेत से भरे डंपर के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और डंपर एक ट्रक से जा टकराया. अधिकारी ने बताया कि टक्कर लगने के बाद ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी. कार मुंबई के मरीन ड्राइव से ठाणे के आनंद नगर जा रही थी. सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकलकर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीम मौके पर पहुंची और कार में सवार छह लोगों को बाहर निकाला. अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान करीब एक घंटे तक जारी रहा. उन्होंने बताया कि एक साल के बच्चे और दो अन्य नाबालिगों समेत छह घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया. अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारण कैडबरी ब्रिज से घोडबंदर मार्ग तक यातायात करीब एक घंटे तक बंद रहा. यह भी पढ़ें : FIR Against Raja Bhaiya: राजा भैया की बढ़ सकती है मुश्किलें, पत्नी की शिकायत पर दिल्ली में FIR दर्ज, जानें क्या है मामला
वाहनों को सर्विस रोड पर डायवर्ट किया गया, जिससे यातायात धीमा हो गया. बाद में दमकल कर्मियों, आपदा प्रबंधन टीम और यातायात पुलिस ने तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बहाल हो गया. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके से फरार हुए डंपर चालक की तलाश की जा रही है. डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 09, 2025 10:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

