नयी दिल्ली, नौ फरवरी जंगपुरा निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को हराने वाले भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने रविवार को दावा किया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री द्वारा अपने वादों को पूरा करने में विफल रहने के कारण जनता का उन्हें समर्थन नहीं मिला।
मारवाह ने जंगपुरा में सिसोदिया को 675 मतों से हराया।
मारवाह ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘आप ने लोगों को सिसोदिया को वोट देने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने मुझ पर और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया।’’
दिल्ली में 26 साल से अधिक समय के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई है। भाजपा ने 70 विधानसभा सीटों में से 48 पर जीत दर्ज की। आप को 22 सीटों पर जीत मिली है, जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।
मारवाह ने चुनाव के दौरान आप के प्रचार अभियान को लेकर भी निराशा जताई। मारवाह ने कहा, ‘‘मुझे सबसे ज्यादा दुख इस बात से हुआ कि हर जनसभा में आप के सदस्यों ने मुझे गुंडा कहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता ने भाजपा को जोरदार जीत दिलाई है और अब उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है।’’
नए मुख्यमंत्री कौन होंगे, इस बारे में पूछे जाने पर नवनिर्वाचित विधायक ने कहा कि इसका फैसला प्रधानमंत्री करेंगे। मारवाह ने यह भी कहा कि उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की कोई अपेक्षा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY