नयी दिल्ली, 21 अगस्त आबकारी नीति ‘ भ्रष्टाचार’ मामले को लेकर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को दावा किया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा है कि केवल आठ ‘निजी’ लोगों के खिलाफ ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया, जिनके नाम प्राथमिकी में हैं।
इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार का मखौल उड़ाते हुए कहा कि वह महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय हर सुबह ‘‘सीबीआई-ईडी (प्रवर्तन निदेशालय)’’ का खेल खेलती है।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह घबराए हुए हैं, क्योंकि घोटाले की जड़ें उनके दरवाजे तक जाती है।
कांग्रेस ने सिसोदिया के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मुद्दा आबकारी नीति का है और आप को शिक्षा नीति की बहस की आड़ में ‘‘इसे छिपाने’’ का प्रयास रोकना चाहिए।
सिसोदिया ने रविवार को दावा किया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उनके खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी किया है। उन्होंने इस कदम को एक ‘नौटंकी’ करार देते हुए कहा कि जांच एजेंसी को उनके आवास पर छापे के दौरान ‘कुछ भी नहीं’ मिला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली में ‘खुलेआम घूम रहे हैं’ और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि क्या वह उन्हें नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं।
सिसोदिया आबकारी नीति के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं के संबंध में सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी में आरोपी के रूप में नामजद 15 लोगों में शामिल हैं।
हालांकि, सीबीआई के अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी ने अभी तक सिसोदिया और आबकारी विभाग के तीन पूर्व अधिकारियों सहित सहित चार लोक सेवकों के खिलाफ कोई लुकआउट नोटिस जारी नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने प्राथमिकी में नामजद आठ ‘निजी’ लोगों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। एजेंसी ने कहा कि उसे फिलहाल लोक सेवकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई, क्योंकि वे सरकार को सूचित किए बिना देश नहीं छोड़ सकते हैं।
सिसोदिया ने ‘पीटीआई-’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि केंद्र, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई भेजकर रोकने का प्रयास कर रहा है, क्योंकि वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकल्प के तौर पर उभर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY