चेन्नई, 21 अगस्त कोविड-19 से पीड़ित दिग्गज पार्श्वगायक एसपी बालसुब्रमण्यम का इलाज कर रहे अस्पताल की ओर से शुक्रवार को कहा गया कि उनकी हालत ‘स्थिर’ है। गायक को वेंटीलेटर पर रखा गया है तथा कृत्रिम तरीके से उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है।
एमजीएम हैल्थकेयर में चिकित्सा सेवाओं की सहायक निदेशक डॉ. अनुराधा भास्करन ने बुलेटिन में कहा कि 74 वर्षीय गायक-अभिनेता ‘‘आईसीयू में हैं और उन्हें अब भी वेंटीलेटर तथा ईसीएमओ पर रखा गया है।’’
डॉ. भास्करन ने कहा, ‘‘उनकी हालत अभी स्थिर है। चिकित्सकों का दल उन पर नजर रख रहा है तथा उनके परिजनों को लगातार उनकी हालत के बारे में जानकारी दी जा रही है।’’
बालसुब्रमण्यम के पुत्र एसपी चरण ने प्रार्थनाओं के लिए आभार प्रकट किया तथा कहा कि बृहस्पतिवार को उनकी हालत नाजुक थी लेकिन आज स्थिर है।
चरण ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘इसका मतलब यह नहीं है कि वह पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। हालांकि अब कोई जटिलता नहीं है, उनके आवश्यक अंग ठीक से काम कर रहे हैं, चिकित्सा दल पर हमें पूरा भरोसा है तथा प्रार्थनाएं भी हमारे साथ हैं। ’’
बालसुब्रमण्यम को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद पांच अगस्त को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
शुक्रवार को सबरीमला मंदिर में उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY