विदेश की खबरें | सिंगापुर की राष्ट्रपति ने मुर्मू को बधाई दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सिंगापुर, 26 जुलाई सिंगापुर की राष्ट्रपति हलीमा याकूब ने भारत की नयी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चुनाव में मिली ''शानदार जीत'' पर बधाई दी है और कहा है कि उनका देश भारत के साथ द्विपक्षीय सामरिक सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहने को लेकर प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति हलीमा ने सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मू को बधाई पत्र और पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को विदाई पत्र लिखा, जिनमें भारत और सिंगापुर के बीच दशकों पुरानी मित्रता पर प्रकाश डाला गया है।

उन्होंने लिखा, ''यह मित्रता दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ती रहेगी, समृद्ध होगी और भविष्य की चुनौतियों का मिलकर सामने करने में मदद करेगी।''

मुर्मू ने सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। 64 वर्षीय मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली पहली आदिवासी महिला हैं।

सिंगापुर की पहली महिला राष्ट्रपति हलीमा ने मुर्मू को लिखे पत्र में कहा: ''महामहिम आपकी शानदार जीत आपके प्रति भारत के लोगों के विश्वास और सम्मान का प्रमाण है।''

पूर्व राष्ट्रपति कोविंद को लिखे विदाई पत्र में हलीमा ने सफलतापूर्वक पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के लिए उन्हें बधाई दी। कोविंद जुलाई 2017 में भारत के राष्ट्रपति बने थे।

हलीमा ने लिखा, ''भारत के लोगों, विशेष रूप से अधिकारों से वंचित लोगों के जीवन के उत्थान के लिए महामहिम की प्रतिबद्धता भी सभी को प्रेरित करती रहेगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)