देश की खबरें | गोली मारकर बेटे समेत पूर्व ग्राम प्रधान की हत्या, दूसरा बेटा भी घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के ददरी गांव में मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के पूर्व ग्राम प्रधान और उनके एक बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
हमीरपुर, तीन नवंबर हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के ददरी गांव में मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के पूर्व ग्राम प्रधान और उनके एक बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया, ‘‘गांव के पूर्व ग्राम प्रधान पृथ्वीराज यादव (53) का बेटा जितेंद्र यादव (26) अपने छोटे भाई वीरेंद्र के साथ आज (मंगलवार) शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से खेत से घर लौट रहा था।’’
यह भी पढ़े | कोरोना के दिल्ली में आज 6725 नए केस, 48 की मौत: 3 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों के रामसेवक राजपूत के दरवाजे से गुजरने पर रामसेवक के बेटे संजय राजपूत और कपिल से किसी बात पर मामूली विवाद हुआ, जिसके बाद इन लोगों (संजय, कपिल व रामसेवक) ने जितेंद्र और वीरेंद्र को गोली मार दी।
उन्होंने बताया, ‘‘घटना की जानकारी मिलने पर पृथ्वीराज घटनास्थल पहुंचे तो उन्हें भी गोली मार दी गई।’’
एसपी ने बताया, ‘‘गोली लगने से पृथ्वीराज और उनके बड़े बेटे जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छोटे बेटे वीरेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।’’
सिंह ने बताया, ‘‘इस संबंध में संजय, कपिल और उनके पिता रामसेवक राजपूत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।’’
एसपी ने बताया, ‘‘दोनों पक्ष एक ही गुट के हैं। एक आपराधिक मामले में दोनों एक साथ जेल जा चुके हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तनाव को देखते हुए गांव में कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। पिता, पुत्र के शवों को कब्जे में ले लिया गया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)