पुणे, 29 मई शिवसेना की युवा शाखा के नेता नीलेश घारे को पुणे में अपनी ही कार पर गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने फर्जी गोलीबारी के पीछे का मकसद नहीं बताया, लेकिन सूत्रों ने कहा कि घारे अपनी जान को खतरा बताकर पुलिस सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस हासिल करना चाहता था।
घारे की कार पर 19 मई को दो लोगों ने उस समय गोली चलाई जब वे कार से उतर रहे थे। यह घटना पुणे शहर के वारजे इलाके में हुई। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में वारजे पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और रविवार (25 मई) को तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि घारे ने खुद ही गोलीबारी की साजिश रची थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "नीलेश घारे को वारजे गोलीबारी मामले में मुख्य आरोपी के साथ साजिश रचने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। हम मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।"
अधिकारी ने कहा, "घारे का कार्यालय वारजे में स्थित है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उसके वाहन पर गोली चलाई गई है। गोलीबारी में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान पता चला कि घारे को घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। चूंकि यह पता चला कि घारे ने अपने वाहन पर गोलीबारी की साजिश रची थी, इसलिए उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है"।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY