हैदराबाद, 18 अगस्त वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के विधानसभा क्षेत्र गजवेल के दौरे पर जाने से पुलिस द्वारा रोके जाने के विरोध में शुक्रवार को यहां अपने आवास पर एक दिन का अनशन किया।
वह भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार की ‘दलित बंधु’ योजना के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं का अध्ययन करने के लिए सिद्दीपेट जिले के गजवेल का दौरा करना चाहती थीं।
शर्मिला ने अनशन शुरू करने से पहले लोटस पॉन्ड स्थित अपने आवास पर उन्हें रोकने वाले पुलिस कर्मियों की 'आरती' की। शर्मिला ने कहा कि उनकी पार्टी को गजवेल में 'दलित बंधु' के कार्यान्वयन पर एक पत्र मिला है जिसमें पार्टी से लोगों की ओर से लड़ने का आग्रह किया गया है।
वाईएसआरटीपी की एक विज्ञप्ति में शर्मिला के हवाले से कहा गया है कि वह और पार्टी के अन्य नेता लोगों की समस्या जानने के लिए गजवेल का दौरा करना चाहते थे क्योंकि 'दलित बंधु' को ठीक से लागू नहीं किया जा रहा है।
अविभाजित आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला ने सवाल किया कि क्या उन्हें "घर में नजरबंद" करना उचित है।
पुलिस ने कहा कि उन्हें इस जानकारी के मद्देनजर यात्रा पर आगे बढ़ने से रोका गया कि कुछ लोगों द्वारा उनकी यात्रा का विरोध करने के कारण कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY