देश की खबरें | नीतीश, ममता और केजरीवाल से बड़े नेता शरद : अजित पवार

मुंबई, 21 जून राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी के प्रमुख शरद पवार जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी तथा आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य से बड़े नेता हैं।

अजित पवार की यह टिप्पणी पटना में विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक से दो दिन पहले आई है।

मुंबई में राकांपा के 24वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में अजित पवार ने जरूरत पड़ने पर आत्मनिरीक्षण और परिवर्तन की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।

उन्होंने पूछा, ‘‘अगर (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी, (दिल्ली के मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल, (आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री) जगन मोहन रेड्डी, तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) नेता एन. चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने-अपने राज्यों में अपने दम पर जीत हासिल कर सकते हैं ...शरद पवार उन सभी से बड़े नेता हैं। राकांपा (महाराष्ट्र को अपने बल पर जीतने के) लक्ष्य की दिशा में काम क्यों नहीं कर सकती है।’’

उन्होंने कहा कि आत्मनिरीक्षण जरूरी है और जरूरत पड़ने पर बदलाव लाना होगा।

राकांपा महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन का हिस्सा है। इसमें शिवसेना और कांग्रेस भी सहयोगी घटक हैं।

पटना में 23 जून को 17 विपक्षी दलों का महासम्मेलन होने वाला है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)