देश की खबरें | मध्य प्रदेश में शाह ने भाजपा का रिपोर्ट कार्ड जारी किया, कांग्रेस ने इसे विफल राज्य बताया

भोपाल, 20 अगस्त केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मध्य प्रदेश में 2003 से 2023 तक भाजपा के करीब 20 साल के शासन का रिपोर्ट कार्ड जारी करने और 'बीमारू' टैग हटाने के लिए पार्टी नीत सरकार की सराहना करने के कुछ ही घंटों बाद कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि मध्य प्रदेश एक 'विफल' राज्य है।

रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने कहा कि मध्य प्रदेश भाजपा शासन के तहत एक विफल राज्य है और दावा किया कि शाह ने सत्तारूढ़ पार्टी के लिए चुनाव अभियान की कमान संभाली है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दरकिनार कर दिया गया है।

तन्खा ने दावा किया, ‘‘शाह ने रिपोर्ट कार्ड पेश किया और दिखाया कि उन्हें पिछले 80 साल से राज्य के मुख्यमंत्री चौहान पर भरोसा नहीं है।’’ कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने कई निवेशक शिखर सम्मेलन आयोजित किए और कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। अगर ये अमल में आते, तो यहां के शहर बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे आईटी केंद्र बन गए होते।"

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं को रोजगार देने समेत हर मोर्चे पर विफल रही है।

कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान गेहूं पर एमएसपी केवल 200 रुपये बढ़ा है। उन्होंने पूछा, "2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के वादे का क्या हुआ? राज्य में हर किसान पर कर्ज 1,30,000 रुपये क्यों हो गया है? हर महीने एक लाख युवाओं को नौकरी देने के वादे का क्या हुआ?"

पटवारी ने कहा कि चौहान यह जानकारी देने में विफल रहे कि उनके 18 साल के शासन के दौरान कितने युवाओं को नौकरियां मिलीं?

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। सभा को पूर्व मंत्री एवं विधायक तरुण भनोट ने भी संबोधित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)