चित्रकूट/लखनऊ, 22 मार्च चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र के खोपा गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक सात ग्रामीणों की मौत हो चुकी है और प्रयागराज के अस्पताल में आठ बीमारों का उपचार चल रहा है जिनमें दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
इस सिलसिले में उपजिलाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक समेत नौ अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है और चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
चित्रकूट जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेन्द्र कुमार राय ने सोमवार को बताया कि शराब पीने से खोपा गांव के पांच ग्रामीणों की मौत हुई थी। वहीं आज इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजे गए ग्रामीणों में से भदेदू गांव के चुन्ना (45) और देवारी गांव के जयनारायण (45) की भी मौत हो गयी। घटना में अभी तक कुल सात लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि खोपा, भदेदू और देवारी गांव के कुल आठ ग्रामीणों का इलाज प्रयागराज में अभी चल रहा है। एएसपी ने बताया कि शराब पीने से बीमार हुए लोगों की सख्या बढ़ रही है। पुलिस ऐसे मरीजों की खोजबीन में जुटी है।
राय ने बताया कि मामले में राजापुर थाना के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है। अब निलंबित अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या नौ हो गयी है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में सात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के. सत्यनारायण ने सोमवार को '' को बताया, "चित्रकूट जिले के खोपा गांव में शराब पीने से अब तक पांच ग्रामीणों की मौत हो चुकी है और प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराए गए दो लोगों की हालत अभी गंभीर है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY