वरंगल(तेलंगाना), 19 सितंबर काकतीय मेडिकल कॉलेज (केएमसी) के सात एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। शहर की पुलिस ने इन छात्रों पर एक कनिष्ठ छात्र की रैगिंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
कॉलेज द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रैगिंग रोधी समिति की आज हुई बैठक में पीड़ित छात्र और घटना में शामिल सभी सात छात्रों को बुलाया गया और घटना के बारे में गहन पूछताछ की गई।
विज्ञप्ति में कहा गया,''सभी छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। सात छात्रों को पाठ्यक्रम से तीन महीने और छात्रावास से एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया है।''
शहर की पुलिस ने सरकारी कॉलेज में पढ़ रहे सात एमबीबीएस छात्रों के खिलाफ कनिष्ठ छात्र को पीटने और रैगिंग को लेकर मामला दर्ज किया था।
यह घटना 14 सितंबर को हुई थी जिसमें वरिष्ठ छात्र पाठ्यक्रम के तीसरे वर्ष में पढ़ रहे हैं जबकि कनिष्ठ छात्र दूसरे वर्ष में है। पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
राज्य में एक महीने में रैगिंग का यह दूसरा मामला है। इसके पूर्व हैदराबाद में गांधी मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने कनिष्ठ छात्रों के साथ कथित तौर पर रैगिंग करने के आरोप में 10 छात्रों को निलंबित किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY