देश की खबरें | माकपा के वरिष्ठ नेता कोडियेरी बालकृष्णन का निधन

तिरुवनंतपुरम/चेन्नई, एक अक्टूबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व गृह मंत्री कोडियेरी बालकृष्णन का शनिवार रात चेन्नई के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 69 वर्ष के थे।

उन्होंने बताया कि उनका कुछ समय से कैंसर का इलाज चल रहा था।

पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य बालकृष्णन ने 2015 से 2022 तक माकपा के प्रदेश सचिव के रूप में कार्य किया था।

वह कई बार विधायक रहे। उन्होंने 2006 से 2011 तक वी एस अच्युतानंदन सरकार में गृह और पर्यटन मामलों के मंत्री के रूप में भी कार्य किया था।

स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने इस साल अगस्त में पार्टी के प्रदेश सचिव का पद छोड़ दिया था।

केरल विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर ने अपनी फेसबुक पोस्ट में दिवंगत नेता की एक तस्वीर साझा की और कहा, "हमारी नजरों से दूर हो गए, लेकिन हमारे दिल से कभी नहीं गए। अलविदा प्रिय बालकृष्णेटा।’’

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बालकृष्णन की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के कारण यूरोप की अपनी यात्रा स्थगित कर दी जो रविवार से निर्धारित थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)