अमृतसर/चंडीगढ़, चार जून पंजाब के अमृतसर में, छह जून को ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की 39वीं बरसी से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने रविवार को अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
ऑपरेशन ब्लू स्टार सेना का अभियान था, जिसे जून 1984 में स्वर्ण मंदिर से उग्रवादियों को बाहर निकालने के लिए चलाया गया था।
शुक्ला ने कहा, ‘‘आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा गश्त बढ़ाकर सुरक्षा के कड़े उपाय किए गए हैं।’’
पुलिस ने कहा कि चौबीसों घंटे निगरानी के लिए 68 चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में कई गश्ती दल तैनात किए गए हैं।
शुक्ला ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करने की मीडिया के माध्यम से अपील की। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था पर एक सवाल का जवाब देते हुए शुक्ला ने कहा कि पंजाब पुलिस के 3,000 जवानों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की चार कंपनी को जिले में तैनात किया गया है।
शुक्ला ने कहा कि छह जून को स्वर्ण मंदिर और अकाल तख्त में बड़ी संख्या में लोग जमा हो सकते हैं, जहां ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी मनाई जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY