देश की खबरें | जी20 सम्मेलन के लिए सुरक्षा चाक-चौबंद, पुलिस के साथ सीएपीएफ और एनएसजी तैनात: दिल्ली पुलिस

नयी दिल्ली, एक सितंबर दिल्ली पुलिस ने जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान किसी भी प्रकार की घुसपैठ, आतंकवादी गतिविधि या तोड़फोड़ के खिलाफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं । अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) इन बंदोबस्त में दिल्ली पुलिस की सहायता कर रहे हैं।

विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) मधुप तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि विशेष पुलिस आयुक्त दर्जे के अधिकारी बड़े आयोजन स्थलों पर सुरक्षा की कमान संभालेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘होटलों में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर के अधिकारी कैंप कमांडर के रूप में काम करेंगे। बाकी पूरी दिल्ली हाई अलर्ट पर रहेगी।’’

तिवारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस के आधे से अधिक कर्मी सम्मेलन की सुरक्षा में लगे रहेंगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था इस तरह से की गयी है कि आम आदमी को असुविधा नहीं हो।

भारत 9 और 10 सितंबर को नयी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)