ईटानगर, 15 अक्टूबर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. बी डी मिश्रा ने सुरक्षा बलों से कहा है कि वे राज्य में उग्रवाद की समस्या से निपटने के लिए पुख्ता तंत्र तैयार करें।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ यहां राजभवन में उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बुधवार को कहा कि हरेक नागरिक की सुरक्षा और राज्य की हरेक इंच जमीन की रक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और सशस्त्र बलों एवं राज्य पुलिस के बीच अच्छा समन्वय होना चाहिए, ताकि प्रभावी परिणाम हासिल हो सकें।’’
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मिश्रा ने सूचना को तत्काल साझा किए जाने और सीमा सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे अधिकारियों की नियमित बैठकों पर जोर दिया।
राज्यपाल ने सुरक्षा बलों के अधिकारियों से लोगों को कोविड-19 के बारे में जागरुक करने और उन्हें मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
उन्होंने राज्य सरकार को सलाह दी कि वह स्थानीय युवाओं को आत्म निर्भर भारत कार्यक्रमों, कौशल विकास एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करने के तरीके खोजे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों और उनकी आजीविका की रक्षा राज्य सरकार की मुख्य चिंता है और वह यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
इससे पहले, दीमापुर स्थित 3 कोर जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल आर पी कालिता और राज्य डीजीपी आर पी उपाध्याय ने बैठक में राज्य के तिरप, लोंगदिंग और चांगलांग जिलों के मौजूदा हालात की जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY