जरुरी जानकारी | सुभाष चंद्रा, गोयनका पर सेबी ने निदेशक बनने पर प्रतिबंध लगाया

नयी दिल्ली, 12 जून बाजार नियामक सेबी ने एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा और समूह की कंपनी ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी पुनीत गोयनका पर किसी भी सूचीबद्ध कंपनी में निदेशक या किसी प्रमुख प्रबंधकीय पद लेने की रोक लगा दी है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने सोमवार को चंद्रा और गोयनका पर यह कार्रवाई जेडईईएल के पैसे दूसरी जगह भेजने के मामले में दोषी पाए जाने के बाद की है।

सेबी के मुताबिक, नियमों के कथित उल्लंघन के समय जेडईईएल के चेयरमैन चंद्रा और निदेशक गोयनका ने अहम प्रबंधकीय पद पर रहते हुए अपनी स्थिति का दुरुपयोग किया और अपने निजी लाभ के लिए कंपनी के कोष दूसरी कंपनियों में लगा दिया।

सेबी ने अपने अंतरिम आदेश में कहा कि जेडईईएल के कोष को खपाने के लिए महज दो दिन में ही 13 फर्मों तक एक-एक कर भेजा गया था।

सेबी ने कहा कि ज़ी एंटरटेनमेंट के शेयरों का मूल्य वर्ष 2018-19 में 600 रुपये हुआ करता था लेकिन वर्ष 2022-23 तक यह गिरकर 200 रुपये के करीब आ गया। कंपनी के लाभ में होने के बावजूद शेयर मूल्य में आई गिरावट से यही निष्कर्ष निकलता है कि कंपनी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं था।

खास बात यह है कि इस अवधि में ज़ी एंटरटेनमेंट में प्रवर्तकों की शेयरधारिता 41.62 प्रतिशत से गिरकर 3.99 प्रतिशत रह गई। इतनी कम हिस्सेदारी के बावजूद चंद्रा और गोयनका अहम पदों पर बने हुए हैं।

सेबी ने कहा कि चंद्रा और गोयनका दोनों को ही किसी भी सूचीबद्ध कंपनी या उसकी अनुषंगी में निदेशक या अहम प्रबंधकीय पद लेने से अगले आदेश तक प्रतिबंधित किया जाता है।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)