जरुरी जानकारी | सिंधिया ने विमानन नियामकों के लिए एकीकृत कार्यालय परिसर का उद्घाटन किया, ई-वॉलेट सुविधा शुरू

नयी दिल्ली, 18 सितंबर नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में विमानन क्षेत्र के विभिन्न नियामकों के एकीकृत कार्यालय परिसर का उद्घाटन किया।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित एकीकृत कार्यालय परिसर ‘उड़ान भवन’ में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए), विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के कार्यालय हैं।

‘उड़ान भवन’ का निर्माण राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग हवाई अड्डे पर किया गया है। इससे मंत्रालय के तहत विभिन्न नियामक प्राधिकरणों के बीच बेहतर समन्वय में मदद मिलने की उम्मीद है।

इमारत का कुल निर्मित क्षेत्र 71,257 वर्ग मीटर है और इस परियोजना पर कुल 374.98 करोड़ रुपये की लागत आई है।

नागर विमानन सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम ने इस मौके पर कहा कि ‘उड़ान भवन’ में सभी संगठन एक ही छत के नीचे एक साथ काम कर सकेंगे और इससे बेहतर समन्वय होगा।

सिंधिया ने नागर विमानन मंत्रालय के लिए भारतकोश एडवांस डिपॉजिट (ई-वॉलेट) सुविधा भी शुरू की है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, “ई-वॉलेट भारतकोश पोर्टल विभिन्न नियामक अनुमोदन के लिए शुल्क भुगतान को विशेष रूप से उपयोगी होगा और एक प्रीपेड वॉलेट के रूप में कार्य करेगा।’’

इस मौके पर नागर विमानन राज्यमंत्री वी के सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)