एजेंसी न्यूज

कोविड-19 के लिए प्रावधान बढ़ने से एसबीआई कार्ड का चौथी तिमाही लाभ 66 प्रतिशत घटकर 84 करोड़ रुपये पर

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा प्रवर्तित क्रेडिट कार्ड कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 249 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी का ब्रांड नाम एसबीआई कार्ड है।

कोविड-19 के लिए प्रावधान बढ़ने से एसबीआई कार्ड का चौथी तिमाही लाभ 66 प्रतिशत घटकर 84 करोड़ रुपये पर
जमात

नयी दिल्ली, आठ मई एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज का बीते वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 66 प्रतिशत घटकर 84 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने कहा कि उसे कोविड-19 संकट की वजह से अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ा है। साथ ही उसका कुल खर्च भी बढ़ा है, जिससे उसके मुनाफे में कमी आई है।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा प्रवर्तित क्रेडिट कार्ड कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 249 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी का ब्रांड नाम एसबीआई कार्ड है।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 23 प्रतिशत बढ़कर 2,433 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,983 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय 21 प्रतिशत बढ़कर 2,510 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,076 करोड़ रुपये थी।

बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही मे कंपनी का कुल खर्च 42 प्रतिशत बढ़कर 2,398 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की दसी तिमाही में 1,691 करोड़ रुपये रहा था।

बीते पूरे वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी का शुद्ध लाभ 44 प्रतिशत बढ़कर 1,245 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 865 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने कहा कि यदि कोविड-19 के प्रभाव को निकाल दिया जाए, तो बीते वित्त वर्ष में उसका शुद्ध लाभ 92 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,662 करोड़ रुपये रहता।

बीते वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय 34 प्रतिशत बढ़कर 9,752 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 7,287 करोड़ रुपये रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).