जरुरी जानकारी | सारेगामा इंडिया का चौथी तिमाही में मुनाफा 29.04 प्रतिशत बढ़कर 47.98 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, दो मई सारेगामा इंडिया लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 29.04 प्रतिशत बढ़कर 47.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

संगीत क्षेत्र की कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।

कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 37.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 46 प्रतिशत बढ़कर 180.24 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 123.45 करोड़ रुपये थी।

आरपी-संजीव गोयनका समूह की कंपनी का कुल खर्च 134.80 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही के 91.82 करोड़ रुपये की तुलना में 46.80 प्रतिशत अधिक था।

बीते पूरे वित्त वर्ष के लिए सारेगामा का एकीकृत शुद्ध लाभ 34.54 प्रतिशत बढ़कर 152.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 113.46 करोड़ रुपये रहा था।

समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 580.63 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2020-21 के 441.96 करोड़ रुपये से 31.37 प्रतिशत अधिक थी।

बीएसई पर सोमवार को सारेगामा इंडिया का शेयर 431.85 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद से 2.07 प्रतिशत अधिक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)