चंडीगढ़, 13 अगस्त पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को कहा कि मलेशिया में फंसी संगरूर की महिला को जल्द वापस लाया जाएगा। हाल ही में एक महिला का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह रोते हुए मलेशिया से लौटने के लिए मदद मांग रही थी।
संगरूर के अदकवास गांव की गुरविंदर कौर ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दावा किया कि वह एक महीने पहले मलेशिया गई थी, लेकिन एक ट्रैवल एजेंट ने उसे धोखा दे दिया।
कौर ने बताया कि उसे मलेशिया में एक सैलून में नौकरी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन देश में उसे प्रताड़ित किया जा रहा है।
एक बयान में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने इसे केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है।
मान ने बताया कि उनकी सरकार के प्रयासों के चलते केंद्र ने मलेशिया सरकार से बात की है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार के प्रयास सफल हुए हैं। महिला ने भारतीय दूतावास से संपर्क स्थापित किया है।’’ मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ औपचारिकताओं और कागजी कार्रवाई के बाद कौर अपने घर लौट आएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY