देश की खबरें | संबित पात्रा ने मणिपुर में राजनीतिक अनिश्चितता के बीच राज्यपाल के साथ बैठकें कीं

इंफाल, 12 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से बुधवार को 24 घंटे से भी कम समय में दूसरी बार मुलाकात की। उनकी पार्टी रविवार को मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राजनीतिक अनिश्चितता को दूर करने का प्रयास कर रही है।

पात्रा ने मंगलवार को पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी के साथ भल्ला से मुलाकात की थी। उनके साथ राज्य के शिक्षा मंत्री टी बसंत कुमार सिंह, एनपीएफ की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष अवांगबौ न्यूमई और जद(यू) विधायक नासिर भी थे।

पात्रा ने बुधवार को राज्य में भाजपा विधायकों के साथ भी बैठक की और उनसे मिलने वालों में राज्य के उपभोक्ता मामलों के मंत्री एल सुसिंद्रो और विधायक करम श्याम शामिल थे।

पत्रकारों से बात करते हुए श्याम ने कहा कि सिंह के पद छोड़ने के फैसले के बाद कोई संवैधानिक संकट नहीं है और सभी मुद्दों को विधायकों की मदद से केंद्र द्वारा सुलझाया जाएगा।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘मुझे राष्ट्रपति शासन के बारे में नहीं पता। मुझे लगता है कि समस्या (नेतृत्व संकट की) को विधायकों की मदद से केंद्र द्वारा सुलझा लिया जाएगा। मुझे लगता है कि मणिपुर में कोई संवैधानिक संकट नहीं है।’’

वह पात्रा से मिलने इंफाल के एक होटल में आए थे।

राज्य विधानसभा के लगातार दो सत्रों के बीच अधिकतम छह महीने के अंतराल की समाप्ति पर एक सवाल का जवाब देते हुए श्याम ने कहा, ‘‘देखते हैं क्या होता है’’।

यह पूछे जाने पर कि क्या नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी, श्याम ने हंसते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

इस बीच, कांग्रेस विधायक थोकचोम लोकेश्वर ने पात्रा के राज्य के दौरे के उद्देश्य पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या उनका इरादा नेतृत्व संकट को हल करना है।

लोकेश्वर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा नेताओं के लिए यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे अपना खुद का मुख्यमंत्री नहीं चुन पा रहे हैं और विधानसभा सत्र नहीं बुला पा रहे हैं। पात्रा के राज्य के दौरे का उद्देश्य क्या है? क्या वे राज्य को तोड़ने आए हैं?’’

कांग्रेस विधायक ने कहा कि पात्रा को भाजपा विधायकों के साथ चर्चा करके नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति का बीड़ा उठाना चाहिए था। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष लोकेश्वर ने कहा, ‘‘उनका दौरा यह सुनिश्चित करने के लिए है कि विधानसभा सत्र न हो और राज्य के मुद्दे दरकिनार रहें। अभी तक उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की है।’’

मंगलवार को पात्रा के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से राजभवन में मुलाकात की और आगे की रणनीति पर चर्चा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)