देश की खबरें | शिअद की, पंजाब के मंत्री के सलाहकार की ‘अवैध’ नियुक्ति’ पर मामला दर्ज करने का आदेश देने की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब में विपक्षी शिरोमणि अकाली दल ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से कहा कि वह सहकारिता मंत्री सुखजिंदर रंधावा द्वारा एक पेशेवर सलाहकार की ‘‘अवैध’’ नियुक्ति किए जाने को लेकर एक आपराधिक मामला दर्ज करने और जांच का आदेश दें।
चंडीगढ़, 10 जुलाई पंजाब में विपक्षी शिरोमणि अकाली दल ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से कहा कि वह सहकारिता मंत्री सुखजिंदर रंधावा द्वारा एक पेशेवर सलाहकार की ‘‘अवैध’’ नियुक्ति किए जाने को लेकर एक आपराधिक मामला दर्ज करने और जांच का आदेश दें।
शिरोमणि अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति के परिणामस्वरूप राज्य के सरकारी खजाने को हुए नुकसान की वसूली करने के लिए भी कहा।
मजीठिया ने दावा किया, ‘‘पेशेवर सलाहकार को आवश्यक कैबिनेट अनुमोदन के बिना सहकारिता मंत्री द्वारा अवैध रूप से नियुक्त किया गया है और प्रतिमाह 2.60 लाख रुपये का वेतन दिया गया है जो राज्य के इतिहास में अभूतपूर्व है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘यह वेतन मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से भी ज्यादा है।’’
उन्होंने कांग्रेस सरकार से यह भी बताने को कहा कि पिछले साल मार्च में हुई इस नियुक्ति से सहकारिता विभाग को कैसे फायदा हुआ है।
शिरोमणि अकाली दल ने यह आरोप भी लगाया कि नियुक्ति संदिग्ध इरादे से की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘विवादास्पद अधिकारी ने सहकारिता विभाग में सलाहकार के तौर पर नियुक्ति से पहले बीमा कंपनियों के लिए काम किया था और उनके पास सहकारिता के संबंध में कोई कार्य अनुभव नहीं था।’’
मजीठिया ने साथ ही पांच करोड़ रुपये के खर्च से 17 एसयूवी खरीदने के राज्य सरकार के निर्णय की भी आलोचना की।
.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)