जरुरी जानकारी | रूस के केंद्रीय बैंक ने नीतिगत ब्याज दर में की 3.5 प्रतिशत की वृद्धि

रुबल सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 101 रुबल प्रति डॉलर पर आ गया था। इस तरह वर्ष 2023 की शुरुआत से अब तक रुबल का डॉलर के मुकाबले मूल्य एक तिहाई तक गिर चुका है। यह पिछले 17 महीनों में रुबल का निम्नतम स्तर है।

ऐसी परिस्थिति में रूसी केंद्रीय बैंक के निदेशक मंडल की आपात बैठक में नीतिगत ब्याज दर में 3.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला किया गया। अब ब्याज दर 12 प्रतिशत पर जा पहुंची है।

रूसी केंद्रीय बैंक ने एक बयान में इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘ मांग आर्थिक उत्पादन बढ़ा पाने की क्षमता से आगे निकल गई है जिससे मुद्रास्फीति बढ़ी है और रुबल की विनिमय दर भी प्रभावित हुई है।’’

पिछले साल फरवरी में यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद से रूस पर अमेरिका व कई पश्चिमी देशों ने कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हुए हैं। इससे रूस की आर्थिक गतिविधियों खासकर निर्यात पर असर पड़ा है।

रूस का केंद्रीय बैंक इस कदम से उधारी की लागत को बढ़ाकर कीमतों में तेजी के दौर से निपटना चाहता है। इससे पहले जुलाई में भी केंद्रीय बैंक ने ब्याज दर में एक प्रतिशत की वृद्धि की थी।

एपी प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)