यह हमला ऐसे वक्त में किया गया है जब पूर्वी डोनबास क्षेत्र का सेवेरोदोनेत्स्क शहर लड़ाई का केंद्र बना हुआ है। हाल के हफ्तों में रूस ने अपने हमले का केंद्र डोनबास क्षेत्र को बनाया है।
वहीं, रूस के समर्थन वाले अलगाववादियों ने यूक्रेन के बलों पर अज़ोत रसायन संयंत्र से नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस संयंत्र को घेर लिया गया है और इसमें करीब 500 आम लोग और यूक्रेन के लड़ाके छुपे हुए हैं। इन लड़ाकों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं है।
संयंत्र से मानवीय गलियारे की घोषणा एक दिन पहले रूस ने की थी।
लुहांस्क के यूक्रेनी गवर्नर सेरही हैदेई ने मानवीय गलियारे को लेकर रूस के बयान पर बुधवार को टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन अमेरिकी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने कहा, “सेवेरोदोनेत्स्क में आज भी भीषण लड़ाई जारी है।” उन्होंने कहा कि शहर के हालात बिगड़ रहे हैं क्योंकि रूसी बलों के पास हथियार और सैनिक दोनों ज्यादा हैं।
हैदेई ने कहा, “ लेकिन हमारी सेना एक साथ तीन मोर्चों पर दुश्मन का मुकाबला कर रही है। तोपखाने और लोगों की अहम बढ़त के कारण दुश्मन आगे बढ़ रहा है, लेकिन हमारी सेना शहर में अपने स्थानों पर डटी हुई है।”
रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनशेनकोव ने कहा कि रूसी बलों ने ज़ोलोचिव नगर के पास डिपो को तबाह करने के लिए कैलिबर मिसाइलों का इस्तेमाल किया। ज़ोलोचिव नाटो सदस्य पोलैंड की सीमा के पास ल्वीव का एक प्रशासनिक क्षेत्र है।
कोनशेनकोव ने कहा कि वहां अमेरिका की ओर से दी गई ‘ए777 हॉवित्जर’ तोपें रखी थी। उन्होंने कहा कि रूस के हवाई हमलों में दक्षिणी मीकोलायिव क्षेत्र के एक सैन्य विमान क्षेत्र में रखे ‘विमानन उपकरणों’ को भी तबाह कर दिया।
यूक्रेन पश्चिमी देशों पर अधिक हथियार देने के लिए दबाव बनाए हुए है, और नाटो देशों ने यूक्रेन को अधिक भारी हथियार देने का संकल्प लिया है।
हाल के दिनों में, यूक्रेनी अधिकारियों ने युद्ध में भारी मानवीय नुकसान की बात की है। पूर्व में भीषण लड़ाई तोपों से लड़ी जा रही है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने मंगलवार देर रात वीडियो संदेश में कहा, “ नुकसान दर्दनाक है, लेकिन हमें डटे रहना है। दुश्मन को जितना अधिक नुकसान होगा, हमला जारी रखने के लिए उसके पास उतनी ही कम ताकत रहेगी। डोनबास इसका फैसला करेगा कि आने वाले हफ्तों में कौन हावी रहेगा। ”
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के सलाहकार, मिखाइलो पोडोलीक ने बुधवार को ट्वीट किया कि उन्हें रोज़ाना यूक्रेनी रक्षकों से संदेश मिलता है जिसमें कहा गया है ‘‘हम डटे हुए हैं। सिर्फ इतना बताएं कि कब हथियार मिलने की उम्मीद करें?’’ उन्होंने कहा कि नाटो नेताओं के लिए उनका यही संदेश है।
इस बीच, रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने संकेत दिया कि रूस अपने पड़ोसी को नष्ट करने पर आमादा है।
टेलीग्राम पर किए गए पोस्ट में उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपने ‘विदेशी आकाओं’ से प्राकृतिक गैस का सौदा चाहता है जिसका भुगतान दो साल में किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “लेकिन एक सवाल है। किसने कहा कि दो साल में यूक्रेन दुनिया के नक्शे पर मौजूद तक रहेगा?”
अन्य घटनाक्रम
यूक्रेन में युद्ध अपराधों की जांच कर रहे संयुक्त राष्ट्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने देश के उन क्षेत्रों का दौरा किया है जो रूसी सैनिकों के कब्जे में थे और कहा कि ऐसे सबूत हैं जो युद्ध अपराध के आरोपों का समर्थन कर सकते हैं।
नॉर्वे के न्यायाधीश एरिक मोसे की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने कीव उपनगरों बुका और इरपिन सहित अन्य स्थलों का दौरा किया, जहां यूक्रेनी अधिकारियों ने रूस पर नागरिकों की सामूहिक हत्या करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा, ”इस स्तर पर हम घटनाओं के कानूनी निर्धारण के मुद्दों पर कोई तथ्यात्मक निष्कर्ष निकालने या खुद को स्पष्ट करने की स्थिति में नहीं हैं।”
----
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि वह यूक्रेन से दो करोड़ टन खाद्यान्न लेने पर यूरोपीय साझेदारों के साथ मिलकर करीब से काम कर रहे हैं। यह खाद्यान्न रूस के हमले की वजह से काले सागर के बंदरगाहों पर फंसा हुआ है।
बाइडन ने मंगलवार को कहा कि योजना में यूक्रेन की सीमाओं पर अस्थायी भंडारण गोदाम का निर्माण शामिल होगा ताकि विभिन्न रेल गेज (पटरियों) की समस्या से निपटा जा सके, क्योंकि यूक्रेनी और यूरोपीय रेलवे व्यवस्था अलग अलग तरह की पटरियों का इस्तेमाल करती हैं।
उन्होंने कहा कि इसके बाद अनाज को इन अस्थायी गोदामों में पहुंचाया जाएगा और फिर वहां से इन्हें समंदर के रास्ते दुनिया भर में पहुंचा दिया जाएगा, लेकिन इसमें वक्त लगेगा।
----
संयुक्त राष्ट्र की एक अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन में जंग बाल अधिकारों के लिए एक संकट है।
यूरोप एवं मध्य एशिया के लिए यूनिसेफ की निदेशक अफशां खान ने कहा कि यूक्रेन में 277 बच्चों की मौत हो गई और 456 बच्चे जख्मी हुए हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादातर बच्चे शहरी क्षेत्रों में विस्फोटों की वजह से हताहत हुए हैं।
-----------
अल्बानिया और मोंटेनेग्रो के प्रधानमंत्रियों ने बुधवार को कीव का दौरा किया जहां यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से उन्होंने मुलाकात की और यूक्रेन के लोगों के प्रति अपनी हमदर्दी और समर्थन व्यक्त किया।
अल्बानिया के प्रधानमंत्री इडी रामा और मोंटेनेग्रो के प्रधानमंत्री ड्रिटन अबाज़ोविक ने बोरोडियांका और इरपिन का दौरा भी किया और वहां पर तबाही का मंजर देखा और अधिकारियों से उन जुल्मों के बारे में जाना जो रूस के सैनिकों ने राजधानी कीव के पास से वापस जाने से पहले वहां पर कथित रूप से किए थे।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY