देश की खबरें | पत्रकारों की गिरफ्तारी के मामले में ‘ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ ने जुलूस निकाला

शाहजहांपुर/बलिया (उत्तर प्रदेश), 11 अप्रैल बलिया जनपद में प्रश्नपत्र लीक मामले में तीन पत्रकारों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने के संबंध में स्थानीय पत्रकारों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

‘ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ के बैनर तले सोमवार को पत्रकार टाउन हॉल स्थित गांधी भवन में एकत्र हुए, वहां से पैदल मार्च करते हुए थाना सदर बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी रामसेवक द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद द्विवेदी ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि इस मांग का ज्ञापन राज्यपाल को प्रेषित कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने इस दौरान जिले में पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में पत्रकारों की मांग पर कहा, ‘‘हमें सूची बना कर दें, हम पूरे मामले की जांच कराएंगे।’’ इसके बाद सभी पत्रकार कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक संजय कुमार से मिले।

‘ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ के जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा ने मांग की कि पत्रकारों के किसी भी मामले में शिकायत मिलने पर किसी राजपत्रित अधिकारी से पूरे मामले की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार भी अपनी एक समिति गठित करेंगे और अधिकारी तथा पत्रकारों की समिति की जांच के आधार पर ही कोई कार्रवाई की जाए। इस पर पुलिस अधीक्षक कुमार ने भविष्य में इसका ध्यान रखने का आश्वासन दिया।

उधर बलिया से मिली सूचना के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित इंटरमीडिएट की परीक्षा का अंग्रेजी का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में तीन पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में पत्रकारों ने सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।

इंटरमीडिएट की परीक्षा का अंग्रेजी का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में तीन पत्रकारों अजीत कुमार ओझा, दिग्विजय सिंह व मनोज गुप्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ ‘बलिया संयुक्त पत्रकार संघर्ष समिति’ के बैनर तले पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।

संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा कोर कमेटी के सदस्य करुणा सिंधू सिंह ने आंदोलन स्थल पर घोषणा की है कि तीनों गिरफ्तार पत्रकारों की रिहाई और जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निलंबन तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)