देश की खबरें | ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने ‘मिशन अंत्योदय सर्वे’ शुरू किया

नयी दिल्ली, नौ फरवरी केन्द्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के परिणामों की समीक्षा करने के लिए बृहस्पतिवार को ‘मिशन अंत्योदय सर्वे 2022-23’ शुरू किया।

सिंह ने इस सर्वेक्षण से जुड़ा एक पोर्टल (वेबसाइट) और एक मोबाइल एप्लीकेशन (एप) भी लांच किया।

ग्रामीण विकास विभाग विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के परिणामों की समीक्षा करने के लक्ष्य से 2017-18 से ही देश के सभी ग्राम पंचायतों में ‘मिशन अंत्योदय सर्वे’ कर रहा है।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह सर्वे भारत के विकास की जीवनरेखा साबित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘योजनाएं बनाने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों के पास जमीनी स्तर के आंकड़ों की उपलब्धता आवश्यक है। इस सर्वे से वह महत्वपूर्ण आंकड़ा प्राप्त होगा।’’ उन्होंने राज्य सरकारों और पंचायतों से सर्वे समय पर पूरा होना सुनिश्चित करने को कहा।

आधिकारिक बयान के अनुसार, सर्वे का लक्ष्य ‘ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी)’ में भागीदारी योजना की प्रक्रिया में मदद करना है, जो सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने, लोगों का जीवन सरल बनाने, जन संस्थाओं/समूहों में आपसी सहयोग को आसान करने और स्थानीय स्तर पर प्रशासन को बेहतर बनाने का काम करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)