जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे टूटकर 86.95 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपये में तीन कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा। डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों की सतत पूंजी निकासी के कारण बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 16 पैसे टूटकर 86.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 12 फरवरी रुपये में तीन कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा। डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों की सतत पूंजी निकासी के कारण बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 16 पैसे टूटकर 86.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, रुपया शुरू में मजबूत रहा, लेकिन अस्थिर घरेलू शेयर बाजारों के कारण इसमें गिरावट आई।
उन्होंने कहा कि अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भारतीय मुद्रा मजबूत खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्चतम स्तर 86.36 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। लेकिन शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की पूंजी निकासी के कारण यह तेजी कायम नहीं रह सकी और रुपया 86.95 प्रति डॉलर के निम्न स्तर पर पहुंच गया। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 86.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट है।
मंगलवार को रुपया 66 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.79 पर बंद हुआ था। रुपये में तीन मार्च, 2023 के बाद से एक दिन की अधिकतम तेजी थी।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से शुरुआती कारोबार में रुपये में तेजी आई। हालांकि, घरेलू बाजारों में कमजोर रुख और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में सुधार के कारण रुपये में बढ़त कम हुई।
चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख और एफआईआई की लगातार निकासी के बीच रुपये में गिरावट की आशंका है। कारोबारी अमेरिका और भारत से मुद्रास्फीति के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 86.50 रुपये से 87.30 रुपये के बीच रहने का अनुमान है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 107.87 रहा।
डॉलर सूचकांक के ऊंचे स्तर का कारण, अमेरिका के एल्युमीनियम और इस्पात के आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाना और उसके बाद व्यापार युद्ध बढ़ने की आशंका बढ़ी है।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.92 प्रतिशत टूटकर 76.29 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 122.52 अंक की गिरावट के साथ 76,171.08 अंक पर तथा निफ्टी 26.55 अंक की गिरावट के साथ 23,045.25 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 4,969.30 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 12, 2025 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

