जरुरी जानकारी | रुपया 13 पैसे टूटकर 82.01 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे टूटकर 82.01 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। आयातकों की मासांत डॉलर मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चातेल कीमतों में मजबूती के कारण रुपया नीचे आया।
मुंबई, 26 जुलाई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे टूटकर 82.01 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। आयातकों की मासांत डॉलर मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चातेल कीमतों में मजबूती के कारण रुपया नीचे आया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर के संबंध में फैसला आने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी के अनुसार, ‘‘आज रात एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) के नीतिगत दर को लेकर फैसला तथा आयातकों के मासांत डॉलर मांग से पहले व्यापारियों ने अपनी स्थिति को समायोजित किया जिससे रुपये में गिरावट आई।’’
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 81.89 पर खुला।कारोबार के दौरान रुपये ने 81.87 के दिन के उच्चस्तर तथा 82.03 के निम्नतम स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव से 13 पैसे गिरकर 82.01 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
रुपया का पिछला बंद भाव 81.88 प्रति डॉलर था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत घटकर 101.13 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.95 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 351.49 अंक मजबूत होकर 66,707.20 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,088.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2023 06:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

