नयी दिल्ली, 21 सितंबर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सांसद कुंवर दानिश अली ने बृहस्पतिवार को भाजपा और कांग्रेस पर चंद्रयान-3 जैसे विषयों पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
लोकसभा में ‘‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में हमारे राष्ट्र की अन्य उपलब्धियां’’ विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए दानिश अली ने यह बात कही।
उन्होंने देश के वैज्ञानिक समुदाय को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाग्यशाली हैं कि वह पूर्व की सरकारों के बोये विकास के बीजों से उत्पन्न फसल काट रहे हैं।’’
एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल ने कहा कि इस सफलता के लिए मोदी सरकार को मुबारकवाद और इसरो के वैज्ञानिकों और छोटे-छोटे कर्मचारियों को भी बधाई।
हालांकि, उन्होंने चांद पर पहुंचने जैसी उपलब्धियों के साथ-साथ गरीबों और वंचितों के बच्चों की शिक्षा पर जोर देने का सरकार से आह्वान किया।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल ने भी चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को देश के अंतरिक्ष क्षेत्र की एक बड़ी सफलता करार दिया।
कांग्रेस के डीन कुरियाकोस ने कहा कि भाजपा के सदस्य चंद्रयान के मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहे हैं और पंडित जवाहरलाल नेहरू तथा कांग्रेस की अनावश्यक आलोचना कर रहे हैं।
बसपा के मलूक नागर ने चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में मोदी सरकार के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि इसरो हॉलीवुड की फिल्मों से कम लागत में ही चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भेजने में सफल रहा है।
उन्होंने वैज्ञानिकों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने की मांग की, ताकि वैज्ञानिक विदेश न जाएं और भारत तरक्की करे।
चर्चा में अन्नाद्रमुक के पी. रवीन्द्रनाथ, कांग्रेस के बैन्नी बेहनन, द्रमुक के डी. रविकुमार, वीसीके के टी. तिरुमावलावन, तृणमूल कांग्रेस की अपरूपा पोद्दार, कांग्रेस के फ्रांसिस्को सरदिन्हा, माकपा के एस. वेंकटेशन, वाईएसआर कांग्रेस के मरगनी भरत, शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत, भाजपा की संगीता कुमारी सिंह देव, आरएसपी के एन के प्रेमचंद्रन और बीजू जनता दल के भर्तृहरि महताब ने भी भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY