देश की खबरें | महाराष्ट्र युवा कांग्रेस की बैठक में हंगामा

मुंबई, 17 जून महाराष्ट्र युवा कांग्रेस की कार्यकारी बैठक में शनिवार को निवर्तमान अध्यक्ष कुणाल राउत के खिलाफ नारेबाजी होने के बाद हंगामा हो गया। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने इस घटना को तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि युवा शाखा अपनी बेमिसाल ऊर्जा के लिए जानी जाती है।

यहां तिलक भवन में महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्यालय में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. वी. श्रीनिवास, राज्य इकाई के प्रमुख नाना पटोले और कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट की मौजूदगी में जब बैठक हो रही थी तो हंगामा खड़ा हो गया।

कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रवक्ता राजू वाघमारे ने कहा कि एक समूह ने राउत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें हटाने की मांग की। वहीं, एक अन्य समूह में बैठने की व्यवस्था को लेकर तीखी नोकझोंक हुई।

उन्होंने कहा, “दोनों घटनाएं एक साथ हुईं, जिसके परिणामस्वरूप बैठक के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।”

थोराट ने मामले को ज्यादा तवज्जो न देते हुए कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और पार्टी की युवा शाखा अपने उत्साह तथा बेमिसाल ऊर्जा के लिए जानी जाती है।

पटोले ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित केंद्र ने बड़े-बड़े वादे करने के अलावा युवाओं के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने पार्टी सदस्यों से इसे उजागर करने को कहा।

उन्होंने सदस्यों से युवाओं से संबंधित मुद्दों के बारे में बात करने और "समावेशिता" को लेकर कांग्रेस के विचारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ भाजपा के "विभाजनकारी" एजेंडे को उजागर करने का भी आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)