एजेंसी न्यूज

रोहित और विराट के संन्यास के बाद भी भारतीय क्रिकेट में सुपरस्टार्स की कमी नहीं, दिग्गज खिलाड़ी ने दिया बयान

आस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच और दो बार के विश्व कप विजेता डेरेन लीमैन का मानना है कि भारतीय क्रिकेट के पास यशस्वी जायसवाल जैसा सुपरस्टार है और विराट कोहली तथा रोहित शर्मा के संन्यास के बाद भी भारतीय क्रिकेट में इस कमी को पूरा करने वाले खिलाड़ी होंगे.

रोहित और विराट के संन्यास के बाद भी भारतीय क्रिकेट में सुपरस्टार्स की कमी नहीं, दिग्गज खिलाड़ी ने दिया बयान
रोहित शर्मा और विराट कोहली (Photo Credits: Twitter/CA)

मेलबर्न, 31 दिसंबर: आस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच और दो बार के विश्व कप विजेता डेरेन लीमैन का मानना है कि भारतीय क्रिकेट के पास यशस्वी जायसवाल जैसा सुपरस्टार है और विराट कोहली तथा रोहित शर्मा के संन्यास के बाद भी भारतीय क्रिकेट में इस कमी को पूरा करने वाले खिलाड़ी होंगे.

आस्ट्रेलिया के लिये एक दशक के कैरियर में 27 टेस्ट और 117 वनडे खेलने वाले लीमैन ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा जिसका एक श्रृंखला पर इतना असर रहा हो. यह भी पढें: Rohit Sharma To Announce Test Retirement: सिडनी टेस्ट के बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं रोहित शर्मा, रिपोर्ट का दावा

मौजूदा श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के कारण रोहित और कोहली के संन्यास की संभावना के बारे में लीमैन ने पीटीआई से कहा ,‘‘ देखते हैं कि अगले कुछ दिन में क्या होता है और वे क्या फैसला लेते हैं. लेकिन वे लंबे समय से भारत के महान क्रिकेटर रहे हैं.’’

उन्होंने कहा ,‘‘ अब युवा खिलाड़ी भारत के लिये बेहतरीन खेल रहे हैं. भारतीय क्रिकेट में इतनी गहराई है कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. जब भी ये दोनों संन्यास का फैसला लेते हैं तो उनकी जगह लेने के लिये काफी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं.’’

जायसवाल के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘सुपरस्टार. सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक. वह और हैरी ब्रूक अगली पीढी के खिलाड़ी हैं. उसने मेलबर्न और पर्थ में शानदार पारियां खेली. इस दौरे पर वह एक खिलाड़ी के तौर पर काफी निखरा है.’’

बुमराह की तुलना वसीम अकरम और ग्लेन मैकग्रा से करते हुए उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि रोहित के बाद वह अगला कप्तान होगा. उसने पर्थ में शानदार प्रदर्शन किया. मैने जितने गेंदबाजों को खेलते देखा है, वह सर्वश्रेष्ठ है. मैने वसीम अकरम और ग्लेन मैकग्रा को देखा है लेकिन किसी एक श्रृंखला में किसी गेंदबाज का इतना प्रभाव नहीं देखा जो 2013 . 14 एशेज में मिचेल जॉनसन के बाद अब बुमराह ने दिखाया है.’’

बदलाव के दौर पर लीमैन ने कहा कि आस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी में चिंता करने की जरूरत है हालांकि पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड , स्कॉट बोलैंड जैसे गेंदबाज भी तीस पार कर चुके हैं. उन्होंने कहा ,‘‘ गेंदबाजी में कई अच्छे खिलाड़ी आ रहे हैं लेकिन बल्लेबाजी में सोचने की जरूरत है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2024 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).