देश की खबरें | बिजनौर में कोटावाली नदी के बहाव में फंसी रोडवेज बस, 40 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

बिजनौर (उप्र), 22 जुलाई उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर बिजनौर जिले के मंडावली थाना इलाके में कोटावाली नदी के तेज बहाव में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस फंस गयी,जिससे 40 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नजीबाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह नजीबाबाद- हरिद्वार मार्ग पर थाना मंडावली क्षेत्र में कोटावाली नदी में भारी वर्षा के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया और यह पानी सड़क पर बहने लगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान 40 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही एक बस पानी के तेज बहाव में फंस गयी, काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को जेसीबी मशीन के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि यह बस रुपईडीहा से हरिद्वार जा रही थी।

उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड रोड पर मंडावली क्षेत्र से प्राप्त तस्वीरों में बस पानी में फंसी हुई दिखाई दे रही है। सड़क पर बह रहा पानी पहले बस के पहियों को ढकता है, और देखते-देखते यह खिड़कियों तक पहुंच जाता है।

पानी में लगभग आधी डूबी बस के पलटने का खतरा पैदा हो गया था।

पुलिसकर्मी ने बचाव अभियान चलाया, यात्रियों को बस की खिड़कियों से बाहर आते देखा गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)