नयी दिल्ली, 29 जुलाई बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर कर अनुरोध किया कि उनके खिलाफ पटना में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी मुंबई स्थानांतरित की जाए जहां अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के मामले की जांच चल रही है।
राजपूत के पिता के के सिंह द्वारा पटना में रिया चक्रवर्ती और छह अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के एक दिन बाद बॉलीवुड की इस अभिनेत्री ने शीर्ष अदालत में यह याचिका दायर की है।
प्राथमिकी में सुशांत के पिता ने अपने पुत्र को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का इन लोगों पर आरोप लगाया है।
रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानशिन्दे ने बताया कि इस मामले को पटना से मुंबई स्थानांतरित कराने के लिए उच्चतम न्यायलाय में याचिका दायर की गयी है।
मानशिन्दे ने बताया कि चक्रवर्ती ने अपनी याचिका का निपटारा होने तक पटना में सुशांत के पिता की प्राथमिकी पर बिहार पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही पर रोक लगाने का भी अनुरोध किया है।
सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके अपने अपार्टमेन्ट में छत से लटका मिला था।
अनूप
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY