देश की खबरें | रिचा चड्ढा, पायल घोष ने विवाद सुलझाया, सहमति की शर्तें दाखिल कीं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई,14अक्टूबर अभिनेत्री रिचा चड्ढा और पायल घोष ने बंबई उच्च न्यायालय को बुधवार को बताया कि उन्होंने आपसी विवाद को सुलझा लिया है और सहमति की शर्तों को दाखिल किया है जिसके तहत घोष ने चड्ढा के खिलाफ दिए गए बयान को वापस लिया और माफी मांगी है।

गौरतलब है कि चड्ढा ने पिछले सप्ताह घोष पर ‘‘गलत, निराधार, अभद्र और अपमानजनक बयान’’ देने के आरोप में मानहानि का मामला दाखिल किया था साथ ही क्षतिपूर्ति के तौर पर हर्जाने की मांग की थी।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार में ऑक्सफोर्ड में पढ़े मनीष बरियार चुनावी अखाड़े के बने ‘योद्धा’, मांग रहे वोट.

घोष ने फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाया था और इस मामले में चड्ढा सहित दो महिलाओं का नाम भी लिया था।

घोष के वकील नितिन सतपुते ने न्यायमूर्ति ए के मेनन को बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया है और इस संबंध में एक अर्जी दाखिल की है।

यह भी पढ़े | MP Bypolls 2020: कांग्रेस को एक और झटका, राजेंद्र गुर्जर होंगे भाजपा में शामिल.

घोष ने वचनपत्र में कहा वह उस बयान को वापस ले रही हैं जो उन्होंने चड्ढा के खिलाफ दिया था और माफी मांगती हैं।

सतपुते ने उच्च न्यायालय में कहा,‘‘दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हो गए हैं कि वे इस मामले में एक दूसरे के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करेंगे और हर्जाने के तौर पर धन की कोई मांग नहीं की जाएगी।

वहीं चड्ढा के वकील वीरेन्द्र तुल्झापुरकर और सवीना बेदी ने भी बताया कि मामला सुलझा लिया गया है।

न्यायमूर्ति मेनन ने इसे स्वीकार किया और घोष के खिलाफ मामले को खारिज कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)